बिहार चुनाव 2025 से पहले राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। इस बीच The Plurals Party (TPP) की अध्यक्ष पुष्पम प्रिया चौधरी ने बड़ा ऐलान कर दिया है। पटना के एक होटल में प्रेस कॉन्फ्रेंस में पुष्पम प्रिया ने घोषणा की कि उनकी पार्टी TPP बिहार की सभी 243 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी। उन्होंने कहा कि मैं खुद अपने गृह क्षेत्र दरभंगा से चुनावी मैदान में उतरूंगी।
TPP को चुनाव आयोग ने ‘सीटी’ (Whistle) चुनाव चिन्ह दिया है। पुष्पम ने इसे बिहार के विकास की सीटी बताया। प्रेस कॉन्फ्रेंस में TPP महासचिव अनुपम सुमन समेत कई बड़े नेता मौजूद रहे।
2020 के विधानसभा चुनाव में भी पुष्पम प्रिया ने बांकीपुर (पटना) और बिस्फी (मधुबनी) से दो-दो सीटों पर चुनाव लड़ा था, लेकिन हार का सामना करना पड़ा। बावजूद इसके उन्होंने फिर से पूरी ताकत के साथ मैदान में उतरने का एलान किया है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में जब एक पत्रकार ने मास्क पहनने की वजह पूछी तो पुष्पम ने चौंकाने वाला जवाब दिया। उन्होंने कहा कि जब मैं 2020 का चुनाव हारी थी, तब लोगों ने कहा कि पुष्पम प्रिया अब मुंह दिखाने लायक नहीं रही। कुछ ने ये भी कहा कि मैं अपने चेहरे का फायदा उठाकर राजनीति करती हूं। तभी से मैंने मास्क पहनना शुरू कर दिया। लेकिन अगर कोई भी राजनीतिक दल महिला को मुख्यमंत्री का चेहरा बनाएगा, तो मैं मास्क उतार दूंगी।
उन्होंने कहा कि बिहार की 50% आबादी महिलाएं हैं, फिर भी किसी दल ने महिला मुख्यमंत्री का नाम आगे क्यों नहीं बढ़ाया? चाहे वो NDA हो या INDIA गठबंधन, किसी ने महिलाओं के हक की बात नहीं की। इसलिए मेरी मांग है कि महिला को मुख्यमंत्री उम्मीदवार घोषित करें।
आपको बता दें कि पुष्पम प्रिया चौधरी JDU नेता विनोद चौधरी की बेटी हैं। उन्होंने 8 मार्च 2020 को महिला दिवस के दिन अपनी पार्टी The Plurals Party की स्थापना की थी। तब से ही वो खुद को बिहार में बदलाव की सियासी क्रांति का चेहरा बताती रही हैं।