दिल्ली-NCR में मौसम ने करवट ले ली है और भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने अगले तीन दिनों के लिए ऑरेंज अलर्ट (Orange Alert) जारी किया है। रिपोर्ट के मुताबिक, इस दौरान तेज आंधी-तूफान, बिजली की गरज के साथ बारिश और 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवाएं चलने की आशंका है। अचानक मौसम के बदलाव ने राजधानीवासियों को चिंता में डाल दिया है।
IMD ने लोगों से अपील की है कि इस दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें और सुरक्षित स्थानों पर रहें।
उत्तर-पूर्वी राज्यों में बाढ़ और बारिश का कहर जारी
असम, मणिपुर, त्रिपुरा, सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश और मिजोरम जैसे उत्तर-पूर्वी राज्यों में भारी बारिश और लैंडस्लाइड से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। अब तक इन राज्यों में 37 लोगों की जान जा चुकी है। अगले दो दिनों तक और अधिक बारिश की चेतावनी दी गई है।
NDRF, सेना और पुलिस लगातार राहत और बचाव कार्यों में जुटे हुए हैं। लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
राजस्थान में तेज बारिश और जलभराव से मचा हाहाकार
राजस्थान के झुंझुनूं जिले में तेज हवाओं के साथ मूसलाधार बारिश ने शहर को पानी-पानी कर दिया। कई इलाकों में गाड़ियां डूब गईं और घरों में पानी घुस गया। मौसम विभाग ने बताया कि 5 जून तक जयपुर, बीकानेर, उदयपुर, जोधपुर, अजमेर और कोटा में बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है।
उत्तर प्रदेश में 60 किमी/घंटा की रफ्तार से चल सकती हैं हवाएं
उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भीषण आंधी और गरज के साथ बारिश की संभावना जताई गई है। बांदा, चित्रकूट, प्रयागराज, वाराणसी, मेरठ, आगरा, झांसी सहित कई जिलों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। लखनऊ मौसम विज्ञान केंद्र ने पूरे पश्चिमी और पूर्वी यूपी के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
उत्तराखंड के 9 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
देहरादून, पौड़ी, टिहरी, रुद्रप्रयाग, चमोली, उत्तरकाशी, पिथौरागढ़, बागेश्वर और नैनीताल में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है। सोमवार को देहरादून में तेज बारिश दर्ज की गई, जिससे तापमान में गिरावट आई है।
पर्वतीय इलाकों में भूस्खलन की संभावना को देखते हुए पर्यटकों और स्थानीय लोगों को सतर्क रहने की अपील की गई है।
झारखंड में बढ़ेगा तापमान, मॉनसून की देरी की संभावना
IMD के अनुसार, झारखंड में अगले कुछ दिनों में तापमान में इजाफा हो सकता है। कुछ इलाकों में हल्की बारिश जरूर हो सकती है लेकिन मॉनसून की एंट्री 10 जून के बाद ही होगी। फिलहाल लोगों को गर्मी और उमस का सामना करना पड़ सकता है।