बिहार की राजधानी पटना के फतुहा थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज लूट की खबर सामने आई है, जहां शुक्रवार देर रात 7 नकाबपोश हथियारबंद बदमाशों ने एक निजी वेयरहाउस में धावा बोलकर न केवल लाखों की लूट को अंजाम दिया, बल्कि 8 कर्मचारियों को बंधक बनाकर उनकी बेरहमी से पिटाई भी की।
12 बजे रात का हमला, CCTV में कैद हुए लुटेरे
घटना फतुहा के डुमरी इलाके की है, जहां देर रात करीब 12 बजे बदमाशों ने मेन गेट तोड़कर वेयरहाउस में प्रवेश किया। पिस्तौल और हथियारों से लैस ये लुटेरे सीधे वेयरहाउस के अंदर पहुंचे, जहां सो रहे 8 कर्मचारियों को उन्होंने बंधक बना लिया। बदमाशों ने कर्मचारियों के साथ मारपीट की, जिसमें दो को सिर में गंभीर चोटें आईं। घायलों को फतुहा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।
3 घंटे तक चला आतंक, बंडल तार से लेकर कैश तक ले उड़े
बदमाश वेयरहाउस में करीब तीन घंटे तक डटे रहे और दो ड्रम बंडल तार, लोहे के एंगल, चावल, बर्तन, छह मोबाइल और ₹35,000 नकद लेकर फरार हो गए। कुल मिलाकर, करीब 3 से 4 लाख रुपये की संपत्ति लूटी गई है। लूट के बाद आरोपी पिकअप वैन में सामान भरकर फरार हो गए।
घायल कर्मचारी बक्सर के, पुलिस कर रही जांच
पुलिस के अनुसार, घायल सभी कर्मचारी बक्सर जिले के अटारी थाना क्षेत्र के बसंतपुर गांव के निवासी हैं। फतुहा थानाध्यक्ष रूपक कुमार अंबुज ने बताया कि घटनास्थल और आसपास के CCTV फुटेज को खंगाला जा रहा है। पुलिस की टीमें बदमाशों की पहचान व गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही हैं।