बिहार में मानसून ने पकड़ी रफ्तार, पूरे राज्य में येलो अलर्ट जारी – जानिए किन जिलों में होगी बारिश

हाजीपुर, जमुई और बांका में झमाझम बारिश, नवादा में जलजमाव, पटना में उमस भरी धूप

Monsoon Alert In Bihar July 2025
Monsoon Alert In Bihar July 2025 (Source: BBN24/Google/Social Media)

पटना: बिहार में मानसून ने आखिरकार अपनी रफ्तार पकड़ ली है। राज्य के कई जिलों में अच्छी बारिश देखने को मिली है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने पूरे राज्य के लिए येलो अलर्ट जारी किया है और हल्की से मध्यम बारिश की चेतावनी दी है।

अगले 5 दिन मौसम में नहीं होगा बड़ा बदलाव

पटना मौसम केंद्र के अनुसार, अगले पांच दिनों तक मौसम की स्थिति में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। हालांकि 8 जुलाई के बाद तापमान में हल्की बढ़ोतरी हो सकती है, लेकिन उमस बढ़ने से आसमान में बादल छाए रहेंगे।

दक्षिण और मध्य बिहार में भारी बारिश, नवादा में भरा पानी

पिछले 24 घंटों में हाजीपुर, जमुई और बांका में भारी बारिश हुई है। बांका में सबसे अधिक 41.2 मिमी वर्षा दर्ज की गई। नवादा में जलजमाव की स्थिति बन गई, जबकि पटना में दिनभर तेज धूप और उमस रही।

पटना में रहेगा उमस भरा और आंशिक बादलों वाला मौसम

राजधानी पटना में अगले कुछ दिनों तक अधिकतम तापमान 34°C से 35°C और न्यूनतम 26°C से 27°C के बीच रहने की संभावना है। आसमान आंशिक रूप से बादलों से घिरा रहेगा और दोपहर बाद हल्की फुहारें पड़ सकती हैं।

छपरा सबसे गर्म, बांका सबसे ठंडा जिला

पिछले 24 घंटों में छपरा राज्य का सबसे गर्म जिला रहा जहां 30.9°C तापमान रिकॉर्ड किया गया। वहीं, बांका सबसे ठंडा रहा, जहां अधिकतम तापमान 32.0°C रहा।

चक्रवाती परिसंचरण बना बारिश की वजह

राज्य में हो रही बारिश के पीछे कई चक्रवाती परिसंचरण जिम्मेदार हैं:

  • एक मानसून ट्रफ रेखा वर्तमान में बीकानेर से लेकर दाल्टनगंज और दीघा होते हुए उत्तर-पूर्व बंगाल की खाड़ी तक फैली हुई है, जिससे नमी बिहार में बनी हुई है।
  • दूसरा चक्रवाती सिस्टम उत्तर ओडिशा और पश्चिम बंगाल के तटीय इलाकों में 1.5 से 5.8 किमी ऊंचाई पर सक्रिय है, जिसका असर जमुई, बांका और गया जैसे जिलों में साफ देखा जा रहा है।
  • अन्य सिस्टम असम के मध्य भाग (0.9 किमी) और पूर्वी मध्यप्रदेश (1.5 किमी) में सक्रिय हैं, जिससे सहरसा, सुपौल, मधेपुरा, किशनगंज, भोजपुर, बक्सर और आरा में बारिश हो रही है।
Share This Article
Exit mobile version