झारखंड के Pakur जिले के हिरणपुर थाना क्षेत्र स्थित घाघरजानी गांव में एक ऐसी अनोखी घटना घटी जिसने न सिर्फ गांव को, बल्कि सोशल मीडिया पर भी भूचाल ला दिया। यह कोई आम प्रेम कहानी नहीं थी, बल्कि एक ऐसी घटना थी जिसने रिश्तों के पारंपरिक ढांचे को ही सवालों के घेरे में ला खड़ा किया।
यह कहानी एक 45 वर्षीय महिला की है, जो तीन बच्चों की मां है और उसने अपने से लगभग आधी उम्र के 21 वर्षीय युवक से प्रेम संबंध बना लिया। जब यह प्रेम गांव में चर्चा का विषय बना, तो उसके पति ने ऐसा कदम उठाया जिसे सुनकर सभी दंग रह गए।
पति ने रचाई पत्नी की शादी, खुद निभाई ‘पंडित’ की भूमिका
जानकारी के मुताबिक, महिला और युवक के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध चल रहा था। जब यह बात महिला के पति को पता चली तो उसने न तो हंगामा किया और न ही किसी को दोषी ठहराया। इसके बजाय, उसने पूरे गांव की पंचायत बुलाई और पत्नी से खुले शब्दों में पूछा कि वह अब किसके साथ रहना चाहती है।
बिना किसी संकोच के महिला ने कहा कि वह अपने प्रेमी के साथ जीवन बिताना चाहती है। इस पर पति ने सबके सामने अपनी पत्नी की चूड़ियाँ और सिंदूर खुद उतारा, और फिर उसी प्रेमी से उसकी शादी भी करवा दी – वो भी अपनी निगरानी में और खुद ‘पंडित’ बनकर।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल, लोग बोले – ये है सच्चा त्याग!
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल गया है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह पति ने भावनाओं पर नियंत्रण रखते हुए समाज के सामने एक असाधारण मिसाल पेश की।
कुछ लोग पति की समझदारी और त्याग की सराहना कर रहे हैं, वहीं कुछ यूजर्स इसे ‘रिश्तों की विफलता’ और ‘मूल्यों की गिरावट’ का उदाहरण बता रहे हैं। चर्चा यह भी हो रही है कि क्या अब विवाह केवल एक सामाजिक समझौता भर रह गया है?
कुछ ही दिनों में टूटा नया रिश्ता, महिला लौटी पहले पति के पास
इस प्रेम कहानी में नया मोड़ तब आया जब शादी के कुछ ही दिनों बाद महिला फिर से अपने पहले पति के घर लौट आई। गांव के लोगों के अनुसार, प्रेम में बनी यह नई जिंदगी ज्यादा दिन टिक नहीं सकी।
इस घटना ने साबित कर दिया कि हर फैसला स्थायी नहीं होता। प्रेम का अधिकार मिलना एक बात है, लेकिन उसे निभाना बिल्कुल अलग चुनौती।