कोडरमा: झारखंड के कोडरमा जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। मामूली ज़मीनी विवाद में चाचा ने अपने ही भतीजे के पेट में चाकू घोंप दिया। हमले में युवक का पेट फट गया और आंतें बाहर निकल आईं। रांची के रिम्स (RIMS Ranchi) में सात दिन तक इलाज चला, लेकिन गुरुवार की रात उसकी मौत हो गई।
माधोपुर गांव में पसरा मातम, सरोज की मौत से टूटा परिवार
यह मामला कोडरमा के सतगांवा थाना क्षेत्र के माधोपुर गांव का है। मृतक की पहचान 20 वर्षीय सरोज पांडेय के रूप में हुई है। सरोज के पिता सुरेश पांडेय की पहले ही मौत हो चुकी थी और सरोज ही पूरे परिवार की जिम्मेदारी उठाता था। सरोज फिलहाल बाहर नौकरी करता था, लेकिन पारिवारिक जमीन विवाद ने उसे असमय मौत के मुंह में पहुंचा दिया।
चाचा ने किया था हमला, पुलिस ने मौके पर किया था गिरफ्तार
5 जुलाई को हुए इस खूनी झगड़े में सरोज पर उसके चाचा ने चाकू से जानलेवा हमला किया था। चाकू इतने ताकत से मारा गया कि सरोज के पेट से आंतें बाहर आ गईं। आनन-फानन में उसे रांची के रिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन एक हफ्ते बाद शुक्रवार को उसकी मौत हो गई।
पोस्टमार्टम के बाद शव सौंपा गया, गांव में पसरा सन्नाटा
सरोज के निधन के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और फिर परिजनों को सौंप दिया। गांव में इस दर्दनाक हादसे के बाद मातम पसरा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक की लहर है।
परिवार बोला – सरोज ही था एकमात्र सहारा
सरोज के परिवार ने बताया कि उसकी मौत के बाद अब घर पूरी तरह बेसहारा हो गया है। परिजनों के अनुसार, सरोज ही कमाने वाला था और सभी की जिम्मेदारी उसी पर थी। उसकी असमय मौत ने परिवार को गहरे संकट में डाल दिया है।