Rory and Sage नाम की दो अमेरिकी बहनों ने हाल ही में इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर कर दावा किया है कि Gurugram के एक होटल में उनके परिवार का एक शख्स चुपचाप वीडियो बना रहा था। इस घटना का वीडियो उन्होंने खुद रिकॉर्ड किया, जो अब तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
खुले में धूप सेंकते समय बनाया जा रहा था वीडियो
Rory और Sage अपने माता-पिता के साथ दुनियाभर की यात्रा पर निकली हैं और इन दिनों भारत आई हुई हैं। उन्होंने इंस्टाग्राम अकाउंट @roryandsageofficial पर एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें एक व्यक्ति होटल की खिड़की पर मोबाइल पकड़े नजर आ रहा है। वीडियो में उनकी मां यह कहते हुए सुनाई देती हैं कि कोई उन्हें गुप्त रूप से रिकॉर्ड कर रहा है।
“भारत में महिला यात्रियों के लिए मुश्किलें आम हैं”: Rory and Sage
पोस्ट के कैप्शन में उन्होंने लिखा:
“अगर आप महिला हैं और भारत यात्रा की योजना बना रही हैं, तो बिना पुरुष बॉडीगार्ड के मत आइए, चाहे आप पूरी तरह कपड़े पहने हों या धूप सेंक रही हों।”
परिवार ने यह भी कहा कि इस तरह का व्यवहार भारत में आम हो चुका है। उन्होंने इस घटना को बेहद असहज और डरावना बताया।
9 मिलियन से ज्यादा व्यूज, यूजर्स ने की कड़ी प्रतिक्रिया
इस वीडियो को अब तक 9 मिलियन से अधिक बार देखा जा चुका है, और हज़ारों यूजर्स ने इस पर कमेंट किया है। एक यूजर ने लिखा:
“कृपया होटल मैनेजमेंट और पुलिस को इसकी सूचना दें। यह एक गंभीर मामला है।”
वहीं एक और यूजर ने कहा:
“काश AI इतना मजबूत होता कि इस शख्स की पहचान कर उसका वीडियो उसकी पत्नी को भेज सकता।”
होटल प्रबंधन और पुलिस से कार्रवाई की मांग
यूजर्स लगातार मांग कर रहे हैं कि होटल प्रशासन को तुरंत इस घटना पर संज्ञान लेना चाहिए। कुछ ने यहां तक कहा कि अगर होटल कुछ नहीं करता, तो पुलिस में FIR दर्ज कर आरोपी की गिरफ्तारी होनी चाहिए।
हालांकि, अब तक होटल प्रबंधन या पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।