सासाराम: बिहार की राजनीति एक बार फिर बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर (Dr. B. R. Ambedkar) के नाम पर गरमाई हुई है। सासाराम के शिवसागर प्रखंड कार्यालय परिसर में रविवार को डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी (Samrat Choudhary) द्वारा उद्घाटन की गई आंबेडकर प्रतिमा को सोमवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने “दूध से स्नान कराकर शुद्ध” किया। इस घटनाक्रम को लेकर राज्य में सियासी तूफान खड़ा हो गया है।
रिंकू देवी बिंद के नेतृत्व में कांग्रेस का शुद्धिकरण प्रदर्शन
सोमवार को जिला महिला कांग्रेस कमिटी की अध्यक्ष रिंकू देवी बिंद के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आंबेडकर प्रतिमा स्थल पर विरोध सभा का आयोजन किया। सभा के दौरान उन्होंने सम्राट चौधरी पर निशाना साधते हुए कहा –
“सत्ता के लालच में अंधे हो चुके उप मुख्यमंत्री के हाथों बाबा साहब की प्रतिमा का अनावरण एक अपमान है, सम्मान नहीं।”
उन्होंने यह भी कहा कि चेनारी विधायक मुरारी गौतम द्वारा राहुल गांधी पर लगाए गए आरोप पूरी तरह निराधार हैं। यह सारी कवायद केवल जनता को गुमराह करने और आंबेडकर के नाम पर वोट बटोरने की साजिश है।
कांग्रेस का एलान – गांव-गांव चलेगा विधायक विरोधी अभियान
कांग्रेस ने एलान किया कि अब वह गांव-गांव जाकर स्थानीय विधायक के खिलाफ जागरूकता अभियान चलाएगी। उन्होंने कहा कि जिस पार्टी और नेता की बदौलत विधायक आज विधानसभा में हैं, वही आज उनके खिलाफ अमर्यादित भाषा का प्रयोग कर रहे हैं।
राजनीतिक हमलों का दौर जारी
यह घटना ऐसे समय में सामने आई है जब भाजपा नेता दिलीप जायवाल और गिरिराज सिंह लालू यादव और विपक्षी दलों पर बाबा साहेब के अपमान के आरोप लगा चुके हैं। वहीं राजनीतिक रणनीतिकार प्रशांत किशोर (PK) ने भी राहुल गांधी को चुनौती दी है कि यदि हिम्मत है तो वो लालू यादव के खिलाफ बोलें।