बिहार के पटना में एक युवती को एक युवक से प्यार हो गया। दोनों की मुलाकातें बढ़ीं, और जल्द ही उन्होंने शादी करने का फैसला कर लिया। लड़की ने घरवालों से बगावत की और प्रेमी संग घर से भाग निकली। मंदिर में दोनों ने शादी की रस्में निभाईं। इसके बाद युवक ने कहा कि उसका एक रिश्तेदार बखरी, बेगूसराय में रहता है और वहीं दोनों साथ रहेंगे।
रिश्तेदार का घर नहीं था, देह व्यापार का अड्डा था
जब वे मीरकलापुर, बखरी पहुंचे तो जिस घर को प्रेमी ने रिश्तेदार का बताया था, वह असल में देह व्यापार का अड्डा निकला। यह सब सुनियोजित योजना थी। आरोपी युवक ने शादी का झांसा देकर प्रेमिका को ₹1 लाख में बेच दिया। युवती की उम्र नाबालिग पाई गई है।
पुलिस की छापेमारी, सेक्स रैकेट का खुलासा
मामले की भनक लगते ही बखरी डीएसपी कुंदन कुमार के नेतृत्व में महिला थानाध्यक्ष शिल्पी कुमारी और अन्य पुलिसकर्मी मीरकलापुर पहुंचे। वहां पिंटू खलीफा नामक व्यक्ति के घर छापेमारी की गई। घर से एक महिला और एक नाबालिग लड़की को बरामद किया गया। महिला ने बताया कि वह पिंटू खलीफा की पत्नी जागो देवी है।
लड़की को रेस्क्यू किया गया, दर्ज हुआ केस
पूछताछ में लड़की ने पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया। उसने बताया कि कैसे प्यार और शादी का झांसा देकर उसे बेचा गया और जबरन जिस्मफरोशी कराई जा रही थी। पुलिस ने जागो देवी को गिरफ्तार कर लिया है और पिंटू खलीफा फरार है। छापेमारी के दौरान पुलिस ने आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद की है।
दर्ज हुआ मामला, कई धाराएं लगाई गईं
इस केस में अनैतिक देह व्यापार निवारण अधिनियम (PITA), पॉक्सो अधिनियम (POCSO Act), बलात्कार, अपहरण और धोखाधड़ी की धाराएं लगाई गई हैं। पुलिस अब मुख्य आरोपी प्रेमी की तलाश कर रही है, जिसने लड़की की जिंदगी के साथ खेल किया।