मनोरंजन और फैशन इंडस्ट्री से बेहद दुखद खबर आई है। मिस पुडुचेरी 2021 विजेता और मॉडल सैन रेचल ने महज 25 साल की उम्र में कथित रूप से आत्महत्या कर ली है। उन्होंने रविवार को पुडुचेरी के JIPMER अस्पताल में अंतिम सांस ली।
बताया जा रहा है कि सैन रेचल डिप्रेशन से जूझ रही थीं और उन्होंने 5 जुलाई को नींद की गोलियों का अत्यधिक सेवन कर लिया था। तबीयत बिगड़ने पर उनके पिता उन्हें सरकारी अस्पताल ले गए, फिर निजी अस्पताल, और अंत में JIPMER अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां शनिवार को उनका निधन हो गया।
सैन रेचल का असली नाम शंकर प्रिया था। उन्होंने 2019 में मिस डार्क क्वीन तमिलनाडु और फिर 2021 में मिस पुडुचेरी का खिताब जीता। डार्क स्किन को लेकर उन्हें भेदभाव का सामना करना पड़ा, लेकिन उन्होंने कभी हार नहीं मानी और ग्लैमर इंडस्ट्री में अपनी खास पहचान बनाई।
उनकी मॉडलिंग यात्रा लंदन, जर्मनी, फ्रांस तक पहुंची। बचपन में मां को खोने के बाद उनके पिता ने उन्हें पाला और करियर में उनका हमेशा साथ दिया। खासकर, इंडस्ट्री में गोरेपन के प्रति रुझान के खिलाफ उनके पिता ने बेटी को प्रेरित किया।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सैन रेचल हाल ही में शादी के बंधन में बंधी थीं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अभी तक आत्महत्या की असली वजह सामने नहीं आई है और न ही कोई सुसाइड नोट मिला है। बुलंद हौसले और संघर्ष की प्रतीक रहीं सैन रेचल की इस तरह मौत से उनके फैंस और शुभचिंतक बेहद आहत हैं।