उत्तर प्रदेश के इटावा जिले में आज सुबह एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया है। बिहार से नई दिल्ली जा रही एक Double Decker Sleeper Bus Agra-Lucknow Expressway से अचानक नीचे गिर गई, जिसमें 80 से अधिक यात्री सवार थे। इस दर्दनाक हादसे में अब तक दो लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 50 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं।
घटना गुरुवार सुबह सैफई क्षेत्र में माइलस्टोन 103 के पास हुई। जानकारी के अनुसार जैसे ही बस एक्सप्रेसवे पर इस प्वाइंट पर पहुंची, वह अनियंत्रित होकर नीचे गिर गई। हादसे की तीव्रता इतनी अधिक थी कि कई यात्री सीट से उछलकर गिर पड़े।
हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से घायलों को सैफई मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। मृतकों की पहचान सईदा खातून (नेपाल) और मनोज कुमार (55), दरभंगा (बिहार) के रूप में हुई है।
इस डबल डेकर बस में मधुबनी, दरभंगा, मुजफ्फरपुर और आसपास के जिलों से दिल्ली जाने वाले यात्री सवार थे। इटावा DM शुभ्रांत कुमार शुक्ला ने मीडिया को बताया, “बस में लगभग 52-55 यात्री सवार थे, जिसमें दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। 30 से 35 लोग मामूली रूप से घायल हैं और दो की हालत गंभीर बनी हुई है।”
प्रशासन द्वारा राहत एवं बचाव कार्य तत्काल शुरू कर दिया गया। हालांकि बस का चालक हादसे के बाद मौके से फरार हो गया है और पुलिस उसकी तलाश कर रही है। हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।
यह हादसा एक बार फिर से लंबी दूरी की बसों की सुरक्षा और चालक की जिम्मेदारी पर सवाल खड़े कर गया है।