राहुल गांधी-तेजस्वी ने देव सूर्य मंदिर में किए दर्शन, गयाजी यात्रा में उमड़ा जनसैलाब

बिहार वोटर अधिकार यात्रा के दूसरे दिन राहुल गांधी और तेजस्वी यादव ने देव सूर्य मंदिर में पूजा-अर्चना की, समर्थकों का उमड़ा जनसमर्थन।

Rohit Mehta Journalist
Rahul Gandhi Tejashwi Yadav Bihar Yatra Sun Temple Aurangabad
Rahul Gandhi Tejashwi Yadav Bihar Yatra Sun Temple Aurangabad (PC: BBN24/Social Media)
मुख्य बातें (Highlights)
  • राहुल गांधी और तेजस्वी यादव ने देव सूर्य मंदिर में की पूजा
  • वोटर अधिकार यात्रा में हजारों लोग जुड़े, जगह-जगह स्वागत
  • शाम तक गयाजी में रैली, चुनावी संदेश होगा केंद्र में

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 से पहले विपक्षी महागठबंधन की वोटर अधिकार यात्रा लगातार सुर्खियां बटोर रही है। सोमवार सुबह इस यात्रा के दूसरे दिन कांग्रेस नेता राहुल गांधी और आरजेडी नेता तेजस्वी यादव औरंगाबाद जिले के देव पहुंचे, जहां उन्होंने ऐतिहासिक सूर्य मंदिर में दर्शन किए।

कुटुंबा से देव तक यात्रा में उमड़ी भीड़

सुबह करीब 8:15 बजे यह यात्रा कुटुंबा प्रखंड के बभंडीह खेल मैदान से रवाना हुई। राहुल गांधी और तेजस्वी यादव के साथ वीआईपी प्रमुख मुकेश सहनी, आरजेडी सांसद अभय कुशवाहा और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राजेश कुमार भी शामिल हुए।
यात्रा जब अंबा चौक पहुंची तो सैकड़ों की संख्या में समर्थक झंडे-बैनर लेकर नेताओं के स्वागत में खड़े दिखे। राहुल और तेजस्वी ने ओपन जीप से हाथ हिलाकर और जोड़कर लोगों का अभिवादन किया।

सूर्य मंदिर में विशेष पूजा

करीब साढ़े 9 बजे काफिला देव पहुंचा। यहां कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच राहुल गांधी और तेजस्वी यादव ने सूर्य मंदिर में पूजा-अर्चना की। मंदिर से निकलने के बाद यात्रा देव मोड़ की ओर बढ़ी, जहां लोगों का उत्साह देखने लायक था। ग्रामीण क्षेत्रों से लेकर कस्बों तक लोग झंडे-बैनर लिए नेताओं का स्वागत करते नजर आए।

गयाजी तक जारी रहेगा सफर

यात्रा देव से निकलकर गुरारू होते हुए शाम तक गयाजी पहुंचेगी, जहां एक बड़ी रैली आयोजित की जाएगी। महागठबंधन का दावा है कि इस यात्रा के जरिए वे जनता से सीधे जुड़ाव बनाकर बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में बीजेपी को कड़ी चुनौती देंगे।

Share This Article