भोजपुरी सिनेमा के सुपरस्टार पवन सिंह मुश्किलों में घिरते नजर आ रहे हैं। वाराणसी की अदालत ने उनके खिलाफ ठगी के आरोप में केस दर्ज करने का आदेश दिया है। इस खबर के सामने आते ही पवन सिंह के फैंस हैरान रह गए कि आखिर ऐसा क्या हुआ कि उनके चहेते स्टार पर FIR दर्ज करने का आदेश दे दिया गया।
क्यों दर्ज होगी FIR?
मामला फिल्म में निवेश के नाम पर धोखाधड़ी से जुड़ा है। होटल व्यवसायी विशाल सिंह ने पवन सिंह और अन्य लोगों पर 1.25 करोड़ रुपये की ठगी का आरोप लगाया है। विशाल सिंह ने अदालत में अर्जी दी थी और इस पर सुनवाई के बाद जिला न्यायिक मजिस्ट्रेट द्वितीय ने पवन सिंह सहित चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज करने का आदेश जारी कर दिया।
ठगी मामले में बढ़ी पवन की मुश्किलें
व्यवसायी की अर्जी के बाद ही कोर्ट ने यह बड़ा फैसला सुनाया। अब धोखाधड़ी के इस मामले में पुलिस जांच शुरू हो चुकी है। हालांकि, इस पूरे विवाद पर अभी तक पवन सिंह की कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। फैंस भी बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं कि सुपरस्टार इस पर क्या बयान देते हैं।
भोजपुरी सिनेमा के बड़े स्टार हैं पवन सिंह
पवन सिंह का नाम भोजपुरी इंडस्ट्री में सुपरस्टार्स की लिस्ट में शामिल है। उनकी जबरदस्त फैन फॉलोइंग है और उनके गाने सोशल मीडिया पर खूब वायरल होते रहते हैं। पवन के चाहने वालों में जबरदस्त क्रेज देखने को मिलता है। यही वजह है कि उनके खिलाफ दर्ज हुए इस केस ने हर किसी को चौंका दिया है।